अंबिकापुर 19 मई (आरएनएस) रिश्तेदार की शादी में गया परिवार जब घर लौटा तो ताले टूटे थे, पेटी खाली थी और घर का सामान गायब था, लेकिन गांधीनगर पुलिस ने कुछ ही दिनों में ऐसा शिकंजा कसा कि 24 मामलों में शामिल शातिर चोर आखिरकार पकड़ में आ गया। सरगुजा जिले के थाना गांधीनगर क्षेत्र में हाई स्कूल के पीछे स्थित मकान में हुई इस चोरी की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। प्रार्थी 14 मई 2026 को अपने घर में ताला लगाकर रिश्तेदारी में शादी समारोह में गया था। 17 मई को वापस लौटने पर उसने देखा कि मकान के मुख्य दरवाजे और पेटी का ताला टूटा हुआ है। घर में रखे एक सोने का लॉकेट, दो नग कान की बाली, 2000 रुपए नगद और चावल की बोरी चोरी हो चुकी थी। शिकायत मिलते ही थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 285/2026 के तहत धारा 331(4), 305ए बीएनएस में मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई। पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की तलाश कर रही थी तभी मुखबिर से सूचना मिली कि बनारस रोड पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर भज्जू वासुदेव को हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली और बताया कि चोरी का सामान खेत में छिपाकर रखा है। आरोपी के कब्जे से एक नग सोने का लॉकेट बरामद कर प्रार्थी से उसकी पहचान कराई गई। गिरफ्तार आरोपी भज्जू वासुदेव पिता रामाधार वासुदेव उम्र 34 वर्ष निवासी सोहागपुर थाना विश्रामपुर जिला सूरजपुर निकला। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, जुआ एक्ट और प्रतिबंधात्मक धाराओं सहित करीब 24 मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में गांधीनगर, विश्रामपुर और सूरजपुर क्षेत्र में भी कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी समेत पुलिस टीम की भूमिका अहम रही। फिलहाल, गांधीनगर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि शातिर अपराधी कितना भी चालाक क्यों न हो, कानून की पकड़ से ज्यादा दिन बच नहीं सकता।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

