अंबिकापुर 19 मई (आरएनएस) रात की सड़कों पर बढ़ेगी पुलिस की पैनी नजर, होटल-ढाबों में होगी सघन चेकिंग और महिलाओं-बच्चों से जुड़े मामलों में अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, सरगुजा पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए बड़ा एक्शन प्लान तैयार कर लिया है। 19 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। ग्रामीण क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को वर्चुअल माध्यम से बैठक में जोड़ा गया। बैठक में शहर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रात में नियमित गश्त और वाहनों की सघन चेकिंग के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आगंतुकों की जांच बढ़ाने, होटल, लॉज, ढाबा और बस स्टैंड की लगातार चेकिंग करने को कहा गया ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई हो सके। लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने विशेषज्ञों की राय लेकर मामलों का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ दर्ज अपराधों में तत्काल कार्रवाई और संवेदनशीलता बरतने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही थानों में लंबित विवेचनाओं को नियमित रूप से आगे बढ़ाने और वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, डीएसपी ग्रामीण तुल सिंह पट्टावी, कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा, गांधीनगर थाना प्रभारी प्रविण द्विवेदी, महिला थाना प्रभारी सुनिता भारद्वाज और साइबर सेल प्रभारी अजीत कुमार मिश्रा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। बहरहाल, सरगुजा पुलिस का यह सख्त रुख साफ संकेत दे रहा है कि अब जिले में अपराधियों की हर गतिविधि पर पुलिस की चौबीस घंटे नजर रहने वाली है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

