लुधियाना,19 मई (आरएनएस)। पंजाब के लुधियाना जिले में मशहूर पंजाबी सिंगर इंदर कौर उर्फ यशविंदर कौर की हत्या कर दी गई है. इस घटना ने पूरे म्यूजिक इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है.
सिंगर इंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद किया गया है. शव की पहचान होने के बाद परिवार सदमे में है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए समराला सिविल अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया है.
मामले के बारे में जानकारी देते हुए असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर परमवीर सिंह ने बताया कि, 15 मई को जमालपुर पुलिस स्टेशन में हमारे पास एक मामला दर्ज किया गया था. इस मामले में परिवार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी का अपहरण कर लिया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह सुखा के पिता प्रीतम सिंह और मुख्य आरोपियों में से एक के दोस्त करमजीत सिंह को गिरफ्तार किया है. करमजीत सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने 16 मई को नीलो नहर से मृतक इंदर कौर की कार बरामद की.
पुलिस ने मृतक का शव भी बरामद कर लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए समराला सिविल अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने बताया कि, इस हत्या के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. इस मामले में मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह सुखा अभी भी फरार है.
पुलिस सब इंस्पेक्टर परमवीर सिंह ने बताया कि, आरोपी सुखविंदर सिंह सुखा कनाडा में रहता है. वह नेपाल के रास्ते भारत आया था और हत्या को अंजाम देने के बाद नेपाल के रास्ते ही कनाडा भाग गया. पुलिस ने बताया कि मृतक सिंगर इंदर कौर, आरोपी सुखविंदर सिंह सुखा की दोस्त थी. लड़की का परिवार भी इस बात से वाकिफ था. हत्या किस वजह से की गई, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है.
असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर परमवीर सिंह ने बताया कि, मुख्य आरोपी सुखविंदर सिंह सुखा, जो कनाडा भाग गया है, शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं. क्या शादी की कोई योजना थी या नहीं, इसका पता लगाने के लिए जांच अभी भी जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि हत्या किस वजह से की गई थी.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

