जशपुर 20 मई (आरएनएस) सिर्फ एक घंटे के भीतर दोस्त पर चाकू से जानलेवा हमला और फिर रास्ते से गुजर रहे 15 साल के नाबालिग की बेरहमी से हत्या… जशपुर में सनक और हिंसा का ऐसा खौफनाक चेहरा सामने आया जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। जशपुर पुलिस ने दो सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी सचिन राम पिता जगे राम उम्र 20 वर्ष निवासी भागलपुर बरटोली थाना सिटी कोतवाली जशपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने 17 मई की दोपहर पहले अपने परिचित सूरज रजक उम्र 22 वर्ष निवासी भागलपुर बरटोली को “चलो शराब पीकर आते हैं” कहकर बाइक में बैठाया और ग्राम कोमडो ले गया। वहां मंदिर के पास अचानक बोला “मेरा लड़ने का मन कर रहा है” और गंदी गालियां देते हुए अपने पास रखे चाकू से सूरज की पीठ और माथे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। जान बचाने के लिए सूरज ने चाकू छीनने की कोशिश की, इस दौरान चाकू आधा टूट गया। घायल युवक किसी तरह मंदिर में छिप गया और आरोपी वहां से फरार हो गया। इस वारदात के करीब एक घंटे बाद आरोपी का खूनी खेल और खतरनाक हो गया। दोपहर करीब 2:30 बजे भागलपुर बरटोली निवासी 15 वर्षीय कृष्णा भगत नहाने के लिए बाकी नाला धोबी घाट जा रहा था, तभी आरोपी सचिन राम ने बिना किसी विवाद के उसे जमीन पर पटक दिया और हाथ, मुक्के व लात से इतनी बेरहमी से पीटा कि उसके गले, चेहरे और कनपटी पर गंभीर चोटें आ गईं। घायल किशोर को अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के मामा दीपक कुमार भगत उम्र 42 वर्ष निवासी गाढ़ा टोली जशपुर की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों मामलों में BNS की धारा 103(1), 109(1), 296, 351(2) और 118(1) के तहत अपराध कायम कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया, वहीं घायल सूरज रजक का उपचार कराया गया। वारदात के बाद से आरोपी लगातार फरार था लेकिन पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भागलपुर क्षेत्र में छिपा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों अपराध कबूल कर लिए। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। कार्रवाई में थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख, एएसआई मनोज कुमार भगत, जय सिंह मिर्रे सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। बहरहाल, जशपुर की यह वारदात एक बार फिर बता गई कि मामूली सनक कब खूनी हिंसा में बदल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

