कुड़वार में गौशाला निर्माण का किया आह्वान
कुड़वार/सुलतानपुर 20 मई (आरएनएस )। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बुधवार को महाकाल मंदिर पहुंचे। उनके आगमन पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं, व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुटी। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और जयघोष के बीच श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने प्रदेश में गायों की स्थिति को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकारी कागजों और आंकड़ों में गायों की स्थिति अत्यंत बेहतर दिखाई जाती है, जबकि जमीनी स्थिति अलग नजर आती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गौ संरक्षण को लेकर कड़े कानून बनाए गए हैं और सरकार द्वारा गायों के संरक्षण के लिए बड़े बजट तथा गांव-गांव गौ आश्रय स्थल बनाने की बातें कही जाती हैं, लेकिन वास्तविक स्थिति का आकलन जनता स्वयं कर सकती है। उन्होंने पशुपालन विभाग के बजट और गौशालाओं से जुड़े सरकारी दावों का उल्लेख करते हुए कहा कि कागजों में गायों को अत्यधिक सुविधाएं मिलती दिखाई देती हैं, लेकिन वास्तविक हालात अलग हैं। उन्होंने अधिकारियों, पत्रकारों और आम लोगों के बयानों का भी जिक्र किया।
कार्यक्रम के दौरान शंकराचार्य ने कुड़वार बाजार क्षेत्र में एक गौशाला निर्माण का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से गौशाला निर्माण के लिए ‘एक नोटÓ यानी एक रुपये के सहयोग की अपील की। मौके पर कुछ लोगों से सहयोग राशि भी एकत्र की गई। इस दौरान दयाराम अग्रहरि ने घोषणा की कि कुड़वार बाजार में जल्द ही एक गौशाला का निर्माण कराया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

