रायपुर,20 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत खारुन नदी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शव काफी समय तक पानी में डूबा रहने के कारण बुरी तरह सड़-गल चुका है, जिससे मृतक की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। उसका कद लगभग 5 फीट 6 इंच, चेहरा गोल और रंग सांवला है।
मृतक ने पीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग का लोवर पहन रखा था। पुलिस को तलाशी के दौरान कोई पहचान संबंधी दस्तावेज या सामान नहीं मिला, जिससे मामले की जांच और चुनौतीपूर्ण हो गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
शव की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में सूचना प्रसारित की गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति की गुमशुदगी दर्ज है, तो तत्काल पुलिस से संपर्क करें। इसके साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, खारुन नदी के आसपास लोगों की आवाजाही रहती है, लेकिन इस तरह शव मिलने की घटना से क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

