गरियाबंद, 20 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पेट्रोल की किल्लत और जरीकैन में ईंधन देने पर लगी रोक के बीच एक युवक का अनोखा जुगाड़ चर्चा का विषय बन गया है। पेट्रोल खत्म होने पर युवक ने अपनी बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर सीधे पेट्रोल पंप पहुंचा दिया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक मामला गरियाबंद के शांति फ्यूल्स पेट्रोल पंप का है। युवक की बाइक रास्ते में पेट्रोल खत्म होने से बंद हो गई थी। आसपास कहीं भी बोतल या जरीकैन में पेट्रोल नहीं मिल पाया, क्योंकि प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कंटेनरों में पेट्रोल देने पर रोक लगा रखी है। ऐसे में युवक ने देसी जुगाड़ अपनाते हुए बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखकर पेट्रोल पंप तक पहुंचाने का फैसला किया।
जब ट्रैक्टर-ट्रॉली पेट्रोल पंप परिसर में पहुंची तो वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। ट्रॉली में सामान की जगह बाइक देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में युवक ने बाइक में पेट्रोल भरवाया और वहां से रवाना हो गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे देसी जुगाड़ बता रहे हैं, तो कुछ प्रशासनिक प्रतिबंधों और ईंधन संकट पर सवाल उठा रहे हैं।
इधर, जिले के देवभोग क्षेत्र में डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति को लेकर हालात अब भी तनावपूर्ण बने हुए हैं। पेट्रोल पंपों पर ट्रैक्टर और अन्य वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। सीमित मात्रा में ईंधन मिलने से किसानों को खेती-किसानी के काम में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को लेकर प्रशासन पर निशाना साधा है और किसानों के लिए अलग गाइडलाइन जारी करने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि स्थिति में सुधार नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

