० पूवर्ती और चिंतलनार में लाइव जनगणना देख खुश हुए केंद्रीय अधिकारी
० तय सीमा से पहले पूर्णता की ओर बढ़ रहा जनगणना का कार्य
सुकमा, 20 मई (आरएनएस)। देश के सबसे सुदूर और संवेदनशील क्षेत्रों में शुमार सुकमा जिले ने प्रशासनिक दृढ़ता और डिजिटल नवाचार की बदौलत राष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक नई पहचान बनाई है। भारत की जनगणना 2027 के तत्वाधान में नई दिल्ली के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय और राज्य जनगणना निदेशालय रायपुर के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने जगरगुण्डा तहसील के ग्राम पूवर्ती एवं चिंतलनार का जमीनी निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पाया कि सुकमा जिला विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी सजगता और बेहतरीन रणनीति के कारण जनगणना के कार्य को तय समय-सीमा से काफी पहले ही पूर्ण करने की ओर अग्रसर है। प्रशासन की इस ऐतिहासिक गति और कार्यकुशलता की केंद्रीय व राज्यीय अधिकारियों ने खुले कंठ से सराहना की है।
प्रगणकों का उत्कृष्ट कार्य और लाइव डिजिटल मैपिंग की गूंज
निरीक्षण के दौरान ग्राम पूवर्ती में कलेक्टर द्वारा पूर्व सम्मानित प्रगणक जवाराम पटेल के कार्यों को जांचा गया। अधिकारियों ने स्वयं जनगणना भवनों में जाकर नागरिकों से नियम अनुसार 33 सवालों के जवाबों का प्रगणक द्वारा दर्ज मोबाइल एप डेटा से शत-प्रतिशत सटीक मिलान पाया। वहीं, ग्राम चिंतलनार में प्रगणक संतूराम नेताम द्वारा मोबाइल ऐप के माध्यम से लाइव जनगणना कार्य का शानदार प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने स्वयं ग्रामीणों से संवाद कर प्रगणक से लाइव एंट्री करवाई, जो प्रशासन की डिजिटल पारदर्शिता और जमीनी मुस्तैदी का जीवंत उदाहरण बना। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी पूवर्ती के अछूते प्राकृतिक सौंदर्य को देखकर भी भावविभोर और गौरवान्वित महसूस हुए।
तत्परता की मिसाल: मौके पर ही निराकरण
इस महत्वपूर्ण निरीक्षण अभियान में प्रशासनिक गंभीरता तब और निखर कर सामने आई जब जमीनी स्तर की व्यावहारिक दिक्कतों को केवल नोट नहीं किया गया, बल्कि उनका तत्काल समाधान भी किया गया। तहसील कार्यालय में एच.सी.बी. (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) के लिए नक्शा आवंटन में आई एक तकनीकी त्रुटि को जैसे ही अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया, स्थानीय प्रशासन और नोडल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही उसका सुधार कार्य सुनिश्चित कर दिया। तहसीलदार व चार्ज अधिकारी योचेन्द्र कुमार पात्रे, सुपरवाइजरों और स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता के साथ संपन्न हुआ यह निरीक्षण सुकमा प्रशासन के ‘गुड गवर्नेंसÓ और सुदृढ़ इरादों की कहानी बयां करता है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

