० दूसरी बार भी अव्यवस्था सुशासन तिहार में दिखाई दी कुछ लोगों ने जताई नाराजगी
० पिछले वर्ष 2025 में बारिश गिरने के पंडाल के नीचे पानी गिर रहे थे
० वर्ष 2026 कार्यक्रम में मंच के सामने समय तेज धूप के कारण कोई नहीं बैठे थे
धमतरी/नगरी, 20 मई (आरएनएस)। विकासखंड क्षेत्र के ग्राम सिहावा में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी पहल सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत समाधान शिविर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी विभिन्न समस्याओं, मांगों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर पहुंचे। शिविर में कुल 752 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से प्रशासन द्वारा 743 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किए जाने की जानकारी दी गई, जबकि शेष लंबित आवेदनों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।
शिविर में ग्राम पंचायत सिहावा, भीतररास, सेमरा, बिरगुड़ी, टांगापनी, भड़सिवना, बासपानी, कोगेरा, मुन्कुन्दपुर, देवपुर, छिपलीपारा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, राशन कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, राजस्व प्रकरण, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में सिहावा–सेमरा–बासपानी मार्ग निर्माण, मुरूमतरा क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क सुविधा, भड़सिवना में नवीन पंचायत भवन निर्माण, बिरगुड़ी शीतला मंदिर से पंचायत तक बिजली पोल विस्तार तथा अटल चौक से हाईस्कूल तक सड़क निर्माण जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहे।
शिविर स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर भी कई ग्रामीणों ने असंतोष व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना था कि मुख्य मंच के सामने चटाई बिछाई गई थी, लेकिन पर्याप्त छायादार व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग वहां बैठने से बचते रहे और पेड़ों व आसपास के भवनों की छांव में बैठकर कार्यक्रम देखते रहे। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी आयोजित शिविर के दौरान बारिश के समय अव्यवस्थाओं की स्थिति सामने आई थी, जिसके बाद व्यवस्थाओं में सुधार की अपेक्षा की जा रही थी।
हालांकि प्रशासन की ओर से सभी विभागों के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां अधिकारी ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त कर योजनाओं की जानकारी देते हुए नजर आए। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोडऩे का प्रयास भी किया गया।
कार्यकम में हितग्राहियों को ट्राई साइकिल प्रदान एवं श्रवण यंत्र अतिथि के हाथों प्रदान किया गया
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जनपद पंचायत सभापति प्रेमलता नागवंशी, विकल गुप्ता, राजेश गोसाई, संजय,एसडीएम प्रीति दुर्गम ,नायब तहसीलदार विवेक चंद्राकर, सरपंच गण , जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों बड़ी संख्या में उपस्थित थे ।
वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते, जिससे समय एवं धन दोनों की बचत होती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव की सरकार में सभी योजनाओं का लाभ लोगों को मिलेगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

