रायपुर,20 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित फाफाडीह के रंजीत होटल में एक बुजुर्ग व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। होटल के कमरे में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मृतक पटना (बिहार) से रायपुर आया था और रंजीत होटल के एक कमरे में ठहरा हुआ था। बताया जा रहा है कि देर रात होटल स्टाफ ने जब कमरे की जांच की, तब बुजुर्ग बेड पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने 112 की मदद से बुजुर्ग को मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।बताया जा रहा है कि मौत से कुछ समय पहले बुजुर्ग ने होटल रिसेप्शन पर फोन कर कमरे में पानी मंगवाया था। इसके बाद वह कमरे में चला गया। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर होटल स्टाफ ने कमरे का दरवाजा खोला, जहां वह बेहोश अवस्था में मिला।पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर दिया है और होटल स्टाफ से पूछताछ की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के समय कमरे में किसी की आवाजाही हुई थी या नहीं।फिलहाल गंज थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि के स्पष्ट प्रमाण नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

