पिथौरागढ़,20 मई (आरएनएस)। केएमवीएन की ओर से संचालित आदि कैलास यात्रा जारी है। यात्रा का चौथा दल भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने के बाद मंगलवार देर शाम चौकोड़ी पहुंचा। यहां पर्यटक आवास गृह प्रबंधक दीपक पंत के नेतृत्व में केएमवीएन कर्मचारियों ने यात्रियों को फूलों की माला पहनाकर व तिलक लगाकर स्वागत किया। रात्रि विश्राम के बाद बुधवार को यात्री दल पाताल भुवनेश्वर पहुंचा। गुफा के दर्शन के बाद यात्रियों ने मां हाटकालिका मंदिर में भी पूजा-अर्चना की और फिर अल्मोड़ा को रवाना हुए। दल में शामिल उम्रदराज 76 वर्षीय बुजुर्ग यात्री केरल निवासी मुराली बालाजी ने केएमवीएन की सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि पूरी यात्रा शानदार रही।
उन्होंने कहा कि आदि कैलास दर्शन कर उन्हें आत्मिक शांति मिली। इधर पर्यटक आवास गृह प्रबंधक पंत का कहना है कि यात्रियों को पहाड़ की संस्कृति, रहन-सहन से भी अवगत कराया जा रहा है। भोजन में यात्रियों को स्थानीय स्तर पर होने वाले पहाड़ी व्यंजन बनाकर परोसे जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि चौथे दल में दिल्ली, केरल, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु के आठ महिला, आठ पुरुष समेत कुल 16 यात्री शामिल रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

