रुद्रपुर,20 मई (आरएनएस)। परिवार न्यायालय परिसर के बाहर एक महिला अधिवक्ता से मारपीट और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीडि़ता की तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पंतनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गोविंदपुर, तहसील सितारगंज निवासी अधिवक्ता सुमन लता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी क्लाइंट राजवती पत्नी सर्वजीत सिंह के पारिवारिक वाद के सिलसिले में रुद्रपुर परिवार न्यायालय गई थीं। न्यायालय से बाहर निकलने पर नीतू गुप्ता निवासी भदईपुरा, रुद्रपुर और राजकुमार के बीच विवाद हो रहा था। इस दौरान उन्होंने बीचबचाव का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बात पर नीतू गुप्ता ने गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गईं। आरोप है कि शोर-शराबा सुनकर अन्य अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी महिला जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चली गई। पंतनगर थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत ने बताया कि तहरीर पर आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

