रायपुर 20 मई (आरएनएस) छत्तीसगढ़ बोर्ड की 12वीं हिन्दी परीक्षा शुरू होने से पहले ही प्रश्नपत्र व्हाट्सएप पर बेचकर शिक्षा व्यवस्था को हिला देने वाले गिरोह का रायपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के थाना सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 130/26 में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पीटीआई शिक्षक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला सामने आते ही शिक्षा जगत में हड़कंप मच गया था, क्योंकि परीक्षा से पहले ही छात्रों तक हस्तलिखित हिन्दी प्रश्नपत्र पहुंच चुका था। माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की कक्षा 12वीं की वार्षिक हिन्दी परीक्षा का पेपर लीक होने की जानकारी मिलने पर 17 मार्च 2026 को थाना सिटी कोतवाली रायपुर में छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2008 की धारा 4, 5, 10 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 और 316 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, पुलिस उपायुक्त मध्य जोन उमेश प्रसाद गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने उस हस्तलिखित हिन्दी प्रश्नपत्र की कड़ी जोड़ी जिसे व्हाट्सएप के जरिए छात्रों तक पहुंचाया गया था। टीम ने प्रदेश के अलग-अलग शहरों और गांवों में पहुंचकर छात्रों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि आरोपी वेणु कुमार जंघेल ने 12वीं के एक छात्र को व्हाट्सएप के माध्यम से हिन्दी का हस्तलिखित पेपर भेजा था और इसके बदले ऑनलाइन तीन हजार रुपए लिए थे। पुलिस ने आरोपी के बैंक खाते की जांच कर रकम ट्रांसफर होने की पुष्टि भी कर ली। पूछताछ में आरोपी ने पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने विकास सेन और पीटीआई जवाहर लाल कुर्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में यह साफ हुआ कि हायर सेकेंडरी स्कूल ग्राम बोरतरा जिला बेमेतरा के पीटीआई जवाहर लाल कुर्रे ने ही हिन्दी का हस्तलिखित प्रश्नपत्र वेणु जंघेल और विकास सेन को दिया था। पूछताछ में जवाहर लाल कुर्रे ने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर प्रश्नपत्र सबसे पहले किस स्तर से बाहर आया। गिरफ्तार आरोपियों में वेणु कुमार जंघेल पिता हरीश चंद्र जंघेल उम्र 19 वर्ष निवासी हाई स्कूल के पास ग्राम बोरतरा, साजा जिला बेमेतरा हाल पता लक्ष्मी चौक गोकुल नगर थाना गुढ़ियारी जिला रायपुर, जवाहर लाल कुर्रे पिता स्वर्गीय उदयराम कुर्रे उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम बीजा ब्लॉक साजा जिला बेमेतरा और विकास सेन पिता संतोष सेन उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम बोरतरा ब्लॉक साजा जिला बेमेतरा शामिल हैं। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बहरहाल, इस पेपर लीक कांड ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पैसों के लालच में कुछ लोग छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने से भी पीछे नहीं हट रहे, लेकिन रायपुर पुलिस की कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि शिक्षा व्यवस्था से धोखा करने वालों को अब सीधे जेल का रास्ता दिखाया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

