मुंबई,21 मई। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव कम होने की उम्मीद और वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के चलते घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान शानदार तेजी देखी जा रही है. ईरान द्वारा संघर्ष को समाप्त करने के अमेरिकी प्रस्ताव की समीक्षा करने की खबरों से निवेशकों की धारणा मजबूत हुई है.
शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 0.83 प्रतिशत या 627 अंकों की बढ़त के साथ 75,945 के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 0.84 प्रतिशत या 200 अंक बढ़कर 23,859 पर कारोबार कर रहा है.
बाजार में आज चौतरफा खरीदारी देखने को मिल रही है. सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी है; निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 1.5 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है. इसके अलावा सीमेंट, ऑटो, केमिकल्स, मीडिया, पीएसयू बैंक और मेटल इंडेक्स भी हरे निशान में बने हुए हैं.
दिग्गज शेयरों के मुकाबले आज छोटे और मझोले शेयरों में अधिक खरीदारी हो रही है. निफ्टी माइक्रोकैप 250 इंडेक्स 1 प्रतिशत से ज्यादा उछला है, जबकि स्मॉलकैप 500 और मिडकैप 150 इंडेक्स भी करीब 1 फीसदी की तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं. बाजार में आए इस उछाल के बीच भारत का वोलैटिलिटी इंडेक्स 4 प्रतिशत से अधिक गिरकर 18 के स्तर पर आ गया है, जो बाजार में स्थिरता और कम उतार-चढ़ाव का संकेत है.
तेजी के इस माहौल में भी कुछ दिग्गज शेयरों पर दबाव दिख रहा है. इन्फोसिस, नेस्ले इंडिया, ट्रेंट, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, सन फार्मा, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और ओएनजीसी शुरुआती कारोबार में गिरावट के साथ लाल निशान में ट्रेड कर रहे हैं.
वैश्विक स्तर पर, अमेरिकी बाजारों में आई तेजी का असर एशियाई बाजारों पर भी साफ दिख रहा है. जापान का निक्केई 3 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 7 प्रतिशत से अधिक की भारी बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है. कमोडिटी बाजार की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.32 प्रतिशत बढ़कर 106.41 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है, जबकि अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड लगभग 2 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.11 डॉलर प्रति बैरल पर है.
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि दक्षिण कोरिया और ताइवान जैसे बाजारों में एआई से जुड़े शेयरों का वैल्यूएशन काफी महंगा हो गया है. इसके चलते विदेशी संस्थागत निवेशक अब भारत का रुख कर रहे हैं, जहां कई क्षेत्रों में वैल्यूएशन अभी भी आकर्षक और उचित स्तर पर बना हुआ है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

