बस्तर 21 मई (आरएनएस) नगरनार इलाके में मोबाइल नेटवर्क ठप कर देने वाली कॉपर वायर चोरी की वारदात का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। गांव के मोबाइल टावर से कॉपर वायर काटकर फरार होने वाला शातिर चोर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी टावरों को निशाना बनाकर कॉपर वायर चोरी करता था, जिससे इलाके में नेटवर्क सेवा प्रभावित हो रही थी। नगरनार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया 1.330 किलोग्राम कॉपर वायर, वायर काटने का आरी कटर और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की जिक्सर मोटरसाइकिल जप्त की है। मामला थाना नगरनार क्षेत्र के ग्राम उलनार का है, जहां एलटीएस कंपनी के मोबाइल टावर से 20 मीटर सप्लाई कॉपर वायर चोरी होने के कारण नेटवर्क बंद हो गया था। कंपनी के प्रतिनिधि पुष्पेन्द्र सिंह तोमर निवासी हमीरपुर उत्तरप्रदेश, हाल पता शांतिनगर जगदलपुर ने 12 मई 2026 को थाना नगरनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर टावर से करीब 20 हजार रुपये कीमत का कॉपर वायर काटकर ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम चोकावाड़ा मोबाइल टावर के पास एक संदिग्ध युवक बाइक लेकर घूम रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी लखन बेन उर्फ राहुल नायडु निवासी महावीर नगर धरमपुरा कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड क्रमांक 48 अटल आवास थाना कोतवाली जगदलपुर को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास वायर काटने का आरी कटर मिला। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने उलनार मोबाइल टावर से कॉपर वायर चोरी करना कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का कॉपर वायर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त कर ली है। कार्रवाई में निरीक्षक संतोष सिंह, सउनि सतीश तिवारी, सउनि महेंद्र सिंह ठाकुर और पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही। फिलहाल, पुलिस का साफ संदेश है कि सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचाने वाले अपराधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

