दंतेवाड़ा 23 मई (आरएनएस) शहर में पुलिस की मौजूदगी के बीच खुलेआम सट्टे का खेल चला रहे आरोपी पर आखिरकार दंतेवाड़ा पुलिस का शिकंजा कस गया। मुखबिर की एक सटीक सूचना ने पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया और चुड़ीटिकरापारा में घूम-घूमकर लोगों से रुपये का दांव लगवा रहे सटोरिये को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया। थाना सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा पुलिस ने 22 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी सूरज मिश्रा पिता गणेश्वर मिश्रा, उम्र 40 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 05 भट्टीपारा दंतेवाड़ा को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी इलाके में लोगों को लालच देकर सट्टा नामक जुआ खिला रहा है और रकम का अवैध दांव लगवा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 09 नग सट्टा पट्टी, 1200 रुपये नकद और एक डॉट पेन बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इस पूरी कार्रवाई में सउनि पंकज धर, प्रधान आरक्षक आशीष नाग और आरक्षक भील नाग की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। बहरहाल, दंतेवाड़ा पुलिस का साफ संदेश है—अवैध जुआ-सट्टे का धंधा करने वालों के लिए अब जिले में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

