धमतरी 24 मई (आरएनएस) जिले में अपराध नियंत्रण से लेकर साइबर क्राइम और यातायात व्यवस्था तक अब पुलिसिंग का पूरा सिस्टम नए सख्त मोड में नजर आएगा। पुलिस अधीक्षक Suraj Singh Parihar ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों की हाईलेवल समीक्षा बैठक लेकर साफ संदेश दिया कि बेसिक पुलिसिंग मजबूत कर आमजन का भरोसा हर हाल में बढ़ाया जाए। पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर आयोजित इस अहम बैठक में कानून व्यवस्था, लंबित अपराध, मर्ग प्रकरण, बीट प्रणाली, साइबर अपराध, सामुदायिक पुलिसिंग और सुशासन तिहार से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा की गई। एसपी ने खात्मा प्रकरणों की बढ़ती संख्या पर नाराजगी जताते हुए थाना और चौकी स्तर पर डायरियों का भौतिक सत्यापन कराने और गुम डायरियों की तलाश के लिए न्यायालय व पुलिस कार्यालयों से समन्वय बनाने के निर्देश दिए। बीट व्यवस्था को पुलिसिंग की रीढ़ बताते हुए गांवों में नियमित भ्रमण, समाज प्रमुखों और वरिष्ठ नागरिकों से सीधा संवाद बढ़ाने तथा बीट अधिकारियों को जवाबदेह बनाने पर जोर दिया गया। साइबर अपराधों को लेकर भी एसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई और नए अधिकारियों को तकनीकी जांच में प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर पुलिस की सकारात्मक छवि मजबूत करने, उल्लेखनीय कार्रवाई और जनजागरूकता अभियानों को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति भी तय की गई। सुशासन तिहार के तहत मिले आवेदनों के त्वरित और संवेदनशील निराकरण के निर्देश देते हुए एसपी ने साफ कहा कि जनता की शिकायतों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र कुमार पाण्डेय, नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। फिलहाल, धमतरी पुलिस अब अपराधियों के साथ-साथ सिस्टम की कमियों पर भी सख्त एक्शन मोड में दिखाई दे रही है।


