भोपाल 24 मई (आरएनएस)। गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के अन्ना नगर, बीएचईएल इलाके में रविवार को 16 साल के किशोर ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। 18 जून को उसकी बहन की शादी होने वाली थी। आत्महत्या से पहले उसने सुबह अपने पिता और बहन से फोन पर बात की थी।
मृतक की पहचान करण (16) के रूप में हुई है। पिता मौहर सिंह के मुताबिक, सुबह फोन पर करण ने कहा, “सॉरी, मैं शादी में शामिल नहीं हो पाऊंगा।”
पिता ने बताया कि कुछ देर बाद उन्होंने दोबारा करण को फोन लगाया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद छोटे बेटे ने उन्हें घटना की जानकारी दी। घर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि करण कमरे में फंदे से लटका हुआ था। मृतक के पिता के मुताबिक भोपाल में उनके दो घर है, उस वक्त परिवार के सभी लोग अशोका गार्डन स्थित दूसरे घर में थे।
करण 9वीं तक पढ़ा था। वह सुबह दुकानों पर दूध बांटने वाली गाड़ी पर काम करता था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
वहीं, गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तौमर ने बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल से करण का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जो डिस्चार्ज स्थिति में मिला। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है।

