भोपाल 24 मई (आरएनएस)।नगर निगम, भोपाल द्वारा ”स्वच्छ शहर जोड़ीÓÓ के अंतर्गत बैरसिया नगर पालिका को साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था और उच्च स्तरीय कचरा प्रबंधन हेतु वाहन, मशीनरी, संसाधन आदि की उपलब्धता के साथ ही तकनीकि सहायता और मार्गदर्शन के रूप में सहयोग निरंतर दिया जा रहा है ताकि स्वच्छ शहर जोड़ी की अवधारणा को साकार करते हुए बैरसिया नगर की स्वच्छता रैंकिंग में सुधार हो सके। बैरसिया नगर में स्वच्छता हेतु नागरिकों में जागरूकता उत्पन्न करने एवं निर्धारित मानकों अनुसार कचरा प्रबंधन में सहभागिता हेतु महापौर मालती राय व निगम आयुक्त संस्कृति जैन द्वारा समय-समय पर बैरसिया नगर भ्रमण भी किया जा रहा है। विगत दिनों निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने बैरसिया नगर भ्रमण के दौरान बेहतर कचरा प्रबंधन हेतु आवश्यक कार्यों को सुनिश्चित कराने के साथ ही गीले कचरे से खाद बनाने हेतु नागरिकों को प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए थे।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर रविवार को निगम के सहायक आयुक्त सतीष मटसेनिया व नोडल अधिकारी राकेश शर्मा ने बैरसिया पहुंचकर नागरिकों/व्यवसायियों को कचरा पृथक्कीकरण एवं डोर-टू-डोर कचरा एकत्रीकरण की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु नागरिकों को समझाइश दी और गीले-सूखे कचरे को पृथक-पृथक डस्टबिन में रखने और पृथक-पृथक ही कचरा वाहन को देने का आव्हान किया साथ ही व्यवसायियों को विशेष रूप से समझाइश दी कि वह अपने दुकानों के बाहर बड़े ढक्कन वाले 02 डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखे और कचरा सड़क पर न फैलने दें। इसके साथ ही कचरा प्रबध्ंान हेतु आसान एवं महत्वपूर्ण पहल के रूप में ”होम कम्पोस्ट है आसान अभियानÓÓ के तहत गीले कचरे से खाद (कम्पोस्ट) बनाने हेतु प्रथम चरण में 60 परिवारों को प्रशिक्षण भी दिया गया। कम्पोस्ट बनाने हेतु 03 चरणों में 500 परिवारों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निगम अधिकारियों ने होम कम्पोस्ट के प्रशिक्षणार्थियों को बताया कि गीले कचरे से होम कम्पोस्ट आप लोग बनायेंगे तो यह गीले कचरे के विकेन्द्रीकृत निष्पादन की दिशा में एक सकारात्मक एवं प्रभावी पहल होगी और कचरा प्रबंधन भी आसानी के साथ सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में कमजोर प्रदर्शन करने वाले शहरों को समीपस्थ शहरों के साथ बनाई गई ”स्वच्छ शहर जोड़ीÓÓ के तहत भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा भोपाल एवं बैरसिया की ”स्वच्छ शहर जोड़ीÓÓ बनाई गई है जिसके तहत नगर निगम, भोपाल द्वारा स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियों में लगातार सहयोग किया जा रहा है। इसी तारतम्य में नगर निगम भोपाल ने बैरसिया नगर पालिका को स्वच्छ शहर जोड़ी के अंतर्गत सहयोग करते हुए 04 नग डोर-टू-डोर कचरा वाहन, 01 रोड स्वीपिंग मशीन, 04 रिक्शा, हैंडकार्ट के अलावा स्त्रोत पर ही कचरा पृथक्कीकरण सुनिश्चित करने हेतु लिटरबिन व कम्पोस्ट यूनिट आदि भी प्रदान किये हैं।

