कबीरधाम 25 मई (आरएनएस) आईपीएल मैच पर मोबाइल से दांव लगाकर ऑनलाइन सट्टे का खेल चला रहे युवक को कबीरधाम पुलिस ने रंगेहाथ दबोच लिया। साइबर टीम की जांच में मोबाइल से सट्टा लिंक, व्हाट्सएप चैट और डिजिटल लेनदेन के ऐसे सबूत मिले जिन्होंने पूरे नेटवर्क की परतें खोल दीं। जिले में ऑनलाइन जुए और सट्टे के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के बीच यह कार्रवाई चौकी पोड़ी क्षेत्र के ग्राम बैहरसरी में की गई, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक एंड्रॉइड मोबाइल के जरिए आईपीएल क्रिकेट मैच में ऑनलाइन दांव लगाकर रकम का लेनदेन कर रहा है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल तथा एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में चौकी पोड़ी प्रभारी उप निरीक्षक लक्ष्मी नारायण साव और साइबर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी रघुवीर वर्मा पिता फागूराम वर्मा उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम बैहरसरी चौकी पोड़ी थाना बोड़ला जिला कबीरधाम को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से वीवो कंपनी का वी-50 मोबाइल और एयरटेल सिम बरामद हुआ। मोबाइल की जांच में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा प्लेटफॉर्म से जुड़े लिंक, इंटरनेट हिस्ट्री, व्हाट्सएप चैट और सट्टा संचालन से जुड़े डिजिटल रिकॉर्ड मिले। पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल के जरिए आईपीएल सट्टा खेलने और रकम के लेनदेन की बात कबूल कर ली। आरोपी कोई वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र पेश नहीं कर सका, जिसके बाद उसके खिलाफ धारा 6 और 7 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर मोबाइल, सिम और 20 पृष्ठ डिजिटल स्क्रीनशॉट जप्त किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। बहरहाल, कबीरधाम पुलिस ने साफ कर दिया है कि ऑनलाइन सट्टे की दुनिया अब मोबाइल स्क्रीन के पीछे छिप नहीं पाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

