नारायणपुर 25 मई (आरएनएस) एक हफ्ते तक चला “माड़ मैत्री समर कैंप” बच्चों के लिए सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि जिंदगी बदल देने वाला अनुभव बन गया, जहां पुलिस और सुरक्षा बलों के बीच बच्चों ने डर नहीं बल्कि दोस्ती, अनुशासन और भरोसे की नई तस्वीर देखी। नारायणपुर पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में “माड़ मैत्री” अभियान के तहत 18 मई से 24 मई 2026 तक डीआरजी प्रशिक्षण परिसर में आयोजित समर कैंप का समापन बेहद उत्साह और भावुक माहौल में हुआ। पूरे कैंप के दौरान बच्चों और युवाओं को पेंटिंग, क्ले एवं मिरर आर्ट, टिश्यू पेपर आर्ट, ग्लिटर शीट वर्क, आइसक्रीम स्टिक क्राफ्ट, डांस और कराटे जैसी रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। बच्चों ने न सिर्फ अपनी कला दिखाई बल्कि आत्मविश्वास और टीम भावना का भी शानदार प्रदर्शन किया। समर कैंप के अंतिम दिन बच्चों को बीएसएफ कैंप सोनपुर का भ्रमण कराया गया, जहां जवानों की कार्यशैली, अनुशासन और कैंप जीवन को करीब से देखकर बच्चों में सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और उत्सुकता बढ़ी। हथियार प्रदर्शनी और हथियारों की जानकारी बच्चों के लिए सबसे रोमांचक पल साबित हुई। इसके बाद बच्चों को बेलगर नदी तट भी ले जाया गया, जहां उन्होंने प्रकृति के बीच यादगार पल बिताए और अल्पाहार का आनंद लिया। पूरे आयोजन को लेकर अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने नारायणपुर पुलिस की खुलकर सराहना की। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बहरहाल, माड़ के जंगलों में पुलिस की यह पहल सिर्फ एक कैंप नहीं बल्कि भरोसे, सपनों और बदलाव की नई शुरुआत बनकर उभरी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

