धमतरी, 25 मई (आरएनएस)। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग द्वारा 23 एवं 24 मई 2026 को जिले के अछोटा, कलारतराई, अमेठी, खरेंगा, कोलियारी, जंवरगांव एवं तेंदुकोना सहित विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान 4 ट्रैक्टर खनिज मिट्टी ईंट तथा 5 ट्रैक्टर खनिज रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए। संबंधित वाहनों को मौके पर ही जप्त कर सुरक्षार्थ रखा गया है। सभी प्रकरणों में खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में राजस्व की हानि रोकने, पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने तथा अवैध उत्खनन पर नियंत्रण के उद्देश्य से नियमित रूप से निरीक्षण अभियान संचालित किए जा रहे हैं। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि अवैध खनिज परिवहन एवं उत्खनन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

