रायपुर, 25 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात बमबाजी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बदमाशों ने एक परिवार के घर को निशाना बनाते हुए घर के बाहर विस्फोटक सामग्री फेंकी और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार वीर सावरकर नगर, हीरापुर स्थित एलआईजी-922 में रहने वाले परिवार के घर के बाहर देर रात करीब एक बजे यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने घर को निशाना बनाया। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीडि़त परिवार की सदस्य रिंकु तिवारी ने कबीर नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में सोनू पटेल, आकाश पासवान सहित अन्य लोगों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

