मेरठ 25 मई (आरएनएस)। सेटबैक को लेकर आवास विकास द्वारा की जा रही कार्यवाही के विरोध में सोमवार को शास्त्रीनगर सेक्टर तीन और चार की महिलाएं मेयर हरिकांत अहलूवालिया से मिलीं। जहां मेयर ने आवास विकास के अधिकारियों को कॉल करके इस मुद्दे पर कोई हल निकालने के निर्देश दिए। वहीं, दूसरी तरफ सेक्टर दो में भी महिलाएं धरने पर डटी रहीं।
सोमवार की सुबह शास्त्रीनगर सेक्टर तीन और चार की महिलाएं गंगानगर में मेयर हरिकांत अहलूवालिया के आवास पर पहुंचीं। जहां महिलाओं ने मेयर से मिलकर बताया कि जिस समय उन्हें मकानों का आवंटन हुआ था। उस समय आवास विकास द्वारा उनके मकानों में सेटबैक के लिए कोई जगह नहीं छोड़ी गई थी। लेकिन, अब आवास विकास के अधिकारी सुप्रीम कोर्ट को गुमराह करके छोटे-छोटे मकानों में सेटबैक के लिए जगह छोडऩे का दबाव बना रहे हैं, जो संभव नहीं है। मेयर हरिकांत अहलूवालिया ने आवास विकास के अधिकारी राहुल यादव के मोबाइल पर कॉल करके इस मुद्दे पर कोई सार्थक हल निकालने के निर्देश दिए।
साथ ही महिलाओं को बताया कि भाजपा सांसद अरुण गोविल भी इस मुद्दे को लेकर काफी गंभीर हैं और सीएम योगी भी पूरे मामले पर नजर रख रहे हैं। मेयर ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि कानून के दायरे में रहते हुए उनकी पूरी मदद की जाएगी। इसके बाद महिलाएं वापस लौट गईं। इसके बाद महिलाओं ने रोजाना की तरह सेक्टर चार के चौराहे पर धरना दिया। उधर, सेक्टर दो में तिरंगा रोड पर चल रहा महिलाओं का धरना भी सोमवार को जारी रहा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

