मेरठ 25 मई (आरएनएस) हस्तिनापुर थाना क्षेत्र से नौ दिन से लापता चल रहे अधेड़ का शव सोमवार को जंगल में बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने अधेड़ की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने पर हंगामा कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने हंगामा शांत किया। वहीं, एसपी देहात का कहना है कि शव की हालत काफी खराब होने के कारण डीएनए टेस्ट के बाद ही मृतक की शिनाख्त हो सकेगी।
दरअसल, सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने चेतावाला गांव के जंगल में एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव पड़ा देखा। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त का प्रयास किया। इसी दौरान मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त महमूदपुर निवासी 50 वर्षीय संतरपाल पुत्र ओमप्रकाश के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि संतरपाल पिछले नौ दिन से लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, संतरपाल के परिजनों ने उसकी हत्या का आरोप लगाते हुए हस्तिनापुर थाने के बाहर हंगामा कर दिया। पुलिस ने जैसे-तैसे हंगामा शांत करते हुए ग्रामीणों को वापस भेजा।
वहीं, एसपी देहात ने बताया कि शव की हालत काफी खराब है। जिसके चलते अभी यह नहीं कह सकते कि शव लापता चल रहे संतरपाल का ही है। फिलहाल शव के डीएनए की जांच कराई जाएगी। इसके बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ग्रामीणों ने बताया कि संतरपाल हत्या के एक मामले में जेल गया था। दो साल पहले ही वह जेल से रिहा हुआ था।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

