०नि:शुल्क श्रवण यंत्र पाकर लौटी मुस्कान, सामाजिक जीवन में हुए सक्रिय
रायपुर,25मई (आरएनएस)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण प्रदाय योजना जरूरतमंद वृद्धजनों और दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। इसी कड़ी में रायपुर के चौरसिया कॉलोनी निवासी वृद्ध अब्दुल मतीन को विभाग द्वारा नि:शुल्क श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।श्री मतीन लंबे समय से सुनने की समस्या से परेशान थे। बढ़ती उम्र के साथ उनकी श्रवण क्षमता काफी कम हो गई थी, जिसके कारण उन्हें परिवार और आसपास के लोगों से संवाद करने में कठिनाई होती थी। इसी दौरान श्री मतीन को जानकारी मिली कि समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित कृत्रिम अंग/सहायक उपकरण प्रदाय योजना के तहत जिले के ऐसे वृद्धजनों को, जिन्हें सुनने में परेशानी होती है, नि:शुल्क श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया जाता है। इसके बाद उन्होंने स्वास्थय विभाग में अपने कानों की जांच कराई तथा समाज कल्याण विभाग में आवेदन प्रस्तुत किया।आवेदन के पश्चात् विभाग द्वारा श्री मतीन को नि:शुल्क श्रवण यंत्र उपलब्ध कराया गया। श्रवण यंत्र मिलने के बाद उनके जीवन में उल्लेखनीय परिवर्तन देखने को मिला। अब वे अपने परिवारजनों की बातें आसानी से सुन पा रहे हैं तथा पड़ोसियों और मित्रों के साथ खुलकर बातचीत भी कर रहे हैं। श्रवण यंत्र मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वे पुन: सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने लगे हैं। श्री मतीन ने इस सुविधा के लिए समाज कल्याण विभाग एवं शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह श्रवण यंत्र उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

