भोपाल।(आरएनएस)। परवलिया इलाके में जन्मदिन की पार्टी के दौरान स्विमिंग पूल में डूबने से 18 वर्षीय छात्र अस्मित रैकवार की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
परवलिया थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा के मुताबिक, अस्मित डीआईजी बंगला इलाके का निवासी था और 12वीं कक्षा का छात्र था। रविवार को वह अपने दोस्त आलोक तिवारी का जन्मदिन मनाने 8 से 10 दोस्तों के साथ मुबारकपुर स्थित प्रिंस वाटर पार्क गया था।
बताया जा रहा है कि सभी युवक स्विमिंग पूल में नहा रहे थे। इसी दौरान कम जगह में अधिक लोगों के उतरने से अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। कुछ देर बाद अस्मित पानी में बेसुध हालत में मिला। दोस्तों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, जिस स्थान पर घटना हुई वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, इसलिए हादसे के फुटेज नहीं मिल सके हैं। पुलिस मृतक के दोस्तों और वाटर पार्क कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।

