दुर्ग, 26 मई (आरएनएस)। जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने 38 लाख रुपये के गबन मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कंपनी की बिक्री से प्राप्त रकम को कंपनी खाते में जमा न कर निजी मकान निर्माण और अन्य निजी कामों में खर्च करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार राजेश जायसवाल गोयल ट्रेडर्स में एरिया सेल्स ऑफिसर के पद पर कार्यरत था। वह चाय पत्ती, सेवई, वाशिंग पाउडर और अन्य पैकेजिंग सामग्री की बिक्री से व्यापारियों से रकम वसूलता था, लेकिन यह राशि कंपनी के खाते में जमा करने के बजाय खुद इस्तेमाल करता रहा। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने वर्ष 2020 से 2022 के बीच करीब 26 महीनों तक लगातार रकम का गबन किया। इस दौरान उसने लगभग 38 लाख रुपये कंपनी से हड़प लिए। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने इस पैसे का इस्तेमाल निजी मकान निर्माण और अन्य व्यक्तिगत कार्यों में किया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 और 420 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। चौकी प्रभारी खगेन्द्र पठारे के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित तथ्यों की भी जांच कर रही है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

