रायपुर, 26 मई (आरएनएस)। रायपुर में साइबर ठगों ने इस बार भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा को अपना निशाना बनाया। आरोपी ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता का निजी सहायक (पीए) बताकर भरोसा जीता और डीजल भरवाने के नाम पर पैसों की मांग कर दी। भरोसे में आकर विधायक की ओर से 10 हजार रुपए ट्रांसफर करा दिए गए, लेकिन बाद में पूरा मामला ठगी निकला।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने फोन कर खुद को भाजपा के राष्ट्रीय स्तर के नेता नितिन नवीन का पीए बताया। उसने कहा कि वह भुवनेश्वर जा रहा है और रास्ते में ड्राइवर से विवाद होने के कारण परेशानी में फंस गया है। आरोपी ने तत्काल पैसों की जरूरत बताते हुए पहले 4500 रुपए मांगे। मानवीय आधार पर मदद करने की नीयत से विधायक पुरंदर मिश्रा ने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा के जरिए आरोपी के खाते में कुल 10 हजार रुपए ट्रांसफर करवा दिए। लेकिन करीब डेढ़ घंटे बाद जब आरोपी ने फिर से पैसों की मांग की, तब विधायक को शक हुआ। शक होने पर विधायक ने सीधे नितिन नवीन के कार्यालय में संपर्क किया। वहां से पता चला कि उस नाम का कोई भी व्यक्ति कार्यालय में कार्यरत नहीं है। इसके बाद तुरंत खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस अब मोबाइल नंबर और बैंक खाते के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। वहीं विधायक पुरंदर मिश्रा ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या सोशल मीडिया प्रोफाइल पर आंख बंद कर भरोसा न करें। पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति की पूरी तरह पुष्टि जरूर करें।
बंछोर
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

