चंडीगढ़ 26 may, (Rns) : फिल्म ‘धुरंधर’ के प्रोडक्शन डिजाइनर सैनी एस. जोहरे के खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर-17 थाने में एक युवती से दुष्कर्म, मारपीट और अवैध रूप से बंधक बनाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, हालांकि बाद में उसे जिला अदालत से जमानत मिल गई। यह मामला 21 अप्रैल 2026 को दर्ज किया गया था, जिसका खुलासा सोमवार देर शाम हुआ।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मूल रूप से चंडीगढ़ के खुड्डा लाहौरा की रहने वाली और वर्तमान में नई दिल्ली में रह रही युवती ने 20 अप्रैल को सेक्टर-17 थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे शहर के एक फाइव स्टार होटल में बुलाया, जहां उसकी ड्रिंक में कोई संदिग्ध नशीला पदार्थ मिला दिया गया। हालत बिगड़ने पर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, मारपीट की और उसे गलत तरीके से बंधक बनाकर रखा।
युवती की शिकायत पर पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
एफआईआर के मुताबिक, आरोपी सैनी एस. जोहरे मुंबई के अंधेरी वेस्ट स्थित ‘ओबेराय स्प्रिंग बिल्डिंग’ का निवासी है। वह फिल्म इंडस्ट्री में एक जाना-माना नाम है और हाल ही में फिल्म ‘धुरंधर’ के लिए थाईलैंड में पाकिस्तान के ‘लियारी टाउन’ का भव्य सेट तैयार करने के बाद चर्चा में आया था। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

