बहराइच,17 जुलाई(आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से रोंगटे खड़े करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 12 साल का बच्चा अपने चाचा के साथ धान की रोपाई में गया था, तभी मगरमच्छ उसे घसीट ले गया। घटना जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर बौंडी थाना क्षेत्र के टिकुरी गांव की है। सुनील सिंह गुरुवार को अपने चाचा विजयराज सिंह के साथ घाघरा नदी के किनारे खेत गया था। घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जिससे देखकर लोग सिहर गए।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार शाम को सुनील धान की रोपाई के बाद घाघरा नदी के किनारे हाथ-पैर धोने चला गया था, तभी चुपके से मगरमच्छ आया और सुनील को घसीट ले गया।
यह देखकर चाचा विजयराज ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया और सभी ने पत्थर से मगरमच्छ पर हमला कर बच्चे को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ ने उसे जबड़े में दबा लिया।
मगरमच्छ ने बच्चे को बुरी तरह चबा लिया और 3 बार पानी में पटका।
घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर बच्चे की तलाश की। पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई।
करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद रात 10 बजे बच्चे का क्षत-विक्षत शव घटनास्थल से 300 मीटर दूर पानी में उतराता मिला। उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
वन रेंजर साकिब अंसारी ने बताया कि मगरमच्छ ने बच्चे के कमर के नीचे का हिस्सा खा लिया था।
बारिश के मौसम में घाघरा नदी में मगरमच्छ दिखते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि सुनील के मां की मौत 7 साल पहले और पिता की मौत 5 साल पहले हो चुकी थी। उसके बाद से वह अपने चाचा के साथ रह रहा था।
वह अपने 4 भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसकी बड़ी बहन सुमन (14), भाई संजय (10) और छोटी बहन सीमा (7) के साथ गांव के प्राथमिक स्कूल में पढ़ते हैं, जबकि सुनील ने पढ़ाई छोड़ दी थी।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

