रायगढ़ 26 मई (आरएनएस) युवाओं और नाबालिगों को नशे की दलदल में धकेलने वाले कारोबारियों पर “ऑपरेशन आघात” ऐसा टूटा कि बीड़पारा से लेकर रामलीला मैदान तक हड़कंप मच गया, पुलिस ने एक ही ऑपरेशन में 6.168 किलो गांजा, 24 नशीले बुट्रम इंजेक्शन, नगदी रकम, बाइक और पांच आरोपियों को दबोचकर नशे के नेटवर्क की परतें खोल दीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चल रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने सीएसपी मयंक मिश्रा और डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में ताबड़तोड़ दबिश दी। सबसे पहले बीड़पारा इलाके में मुखबिर की सूचना पर इरशाद खान के घर पर रेड की गई जहां कमरे में रखी प्लास्टिक बोरी से 6 पैकेट गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से इरशाद खान पिता कुर्बान खान उम्र 37 वर्ष निवासी बीड़पारा थाना कोतवाली जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया। जब्त गांजे का कुल वजन 6.168 किलो निकला और उसके कब्जे से एक सैमसंग मोबाइल भी मिला। पूछताछ में इरशाद ने खुलासा किया कि वह अपने साढ़ू मोहम्मद वसीम पिता बरकत मोहम्मद उम्र 43 वर्ष निवासी जोगीडीपा थाना कोतवाली जिला रायगढ़ के साथ मिलकर गांजा बेचता है। उसने बताया कि दो दिन पहले वसीम ही बिक्री के लिए गांजा छोड़कर गया था। पुलिस टीम तत्काल जोगीडीपा पहुंची और मोहम्मद वसीम को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ में सप्लाई करने की बात कबूल की। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 20(बी) और 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा गया। इसी दौरान पुलिस को दूसरी बड़ी सूचना मिली कि रामलीला मैदान के पास कुछ युवक नाबालिग लड़कों को बुट्रम इंजेक्शन लगाकर नशे की लत में धकेल रहे हैं। सूचना मिलते ही साइबर और कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही कुछ युवक भाग निकले लेकिन बाइक पर बैठे सूरज पंडित और विमल केरकेट्टा पुलिस के हत्थे चढ़ गए। तलाशी में सूरज पंडित पिता रामलखन पंडित उम्र 19 वर्ष निवासी सोनिया नगर थाना कोतवाली रायगढ़ के कब्जे से 24 नग Butorphanol Tatrate Injection USP 2mg (Butrum), दो सिरिंज, 7370 रुपये नगद और मोबाइल बरामद हुआ। उसके साथ पकड़ा गया विमल केरकेट्टा पिता रफेल केरकेट्टा उम्र 23 वर्ष निवासी संजय नगर बैंक कॉलोनी बोईरदादर थाना चक्रधरनगर रायगढ़ भी नशे के इस धंधे में शामिल मिला। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव पिता मुन्नालाल यादव उम्र 29 वर्ष निवासी वार्ड नंबर 04 पठानपारा खरसिया से इंजेक्शन खरीदकर युवकों और नाबालिग बच्चों को बेचते थे। पुलिस ने मेमोरण्डम के आधार पर सरोज यादव उर्फ बबलू यादव को घड़ी चौक रायगढ़ के पास गिरफ्तार किया जिसके कब्जे से बिक्री रकम के 200 रुपये भी बरामद हुए। पुलिस ने तीनों आरोपियों से 24 नशीली इंजेक्शन, सिरिंज, कुल 7570 रुपये नगदी, मोबाइल और अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक CG13AY3523 जब्त की। आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में धारा 123, 275, 286 बीएनएस और धारा 77 जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ संदेश दिया है कि रायगढ़ में युवाओं और बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, “ऑपरेशन आघात” ने यह साबित कर दिया है कि रायगढ़ पुलिस अब नशे के कारोबारियों पर सिर्फ नजर नहीं रख रही, बल्कि उनके नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने के मिशन में उतर चुकी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

