जशपुर 26 मई (आरएनएस) पुलिस मुख्यालय में मंगलवार को वह भावुक पल आया जब 40 साल की मेहनत, अनुशासन और वर्दी के प्रति समर्पण आखिरकार कंधों पर नए सितारों के रूप में चमक उठा। थाना बागबहार में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक नारायण प्रसाद साहू को स्टार लगाकर उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया और पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित स्टार सेरेमनी कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्वयं नारायण प्रसाद साहू के कंधों पर स्टार सजाए और उनके उज्ज्वल भविष्य व सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। इस खास मौके पर उनकी धर्मपत्नी भी मौजूद रहीं और वर्षों की संघर्षभरी सेवा यात्रा का गौरवपूर्ण क्षण परिवार के साथ साझा किया। पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर के आदेश क्रमांक पु.मु./राय./ए-15/एम-3529/2026 दिनांक 18 मई 2026 के परिपालन में यह पदोन्नति दी गई। नारायण प्रसाद साहू ने वर्ष 1986 में जिला दुर्ग से आरक्षक पद पर पुलिस सेवा की शुरुआत की थी। लगातार मेहनत और बेहतर कार्यशैली के दम पर वर्ष 2007 में वे प्रधान आरक्षक बने और वर्ष 2014 में सहायक उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। वर्ष 2020 से वे जिला जशपुर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और वर्तमान में थाना बागबहार में पदस्थ हैं। स्टार सेरेमनी के दौरान रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी और परिजन मौजूद रहे। कार्यक्रम सिर्फ पदोन्नति का नहीं बल्कि एक पुलिसकर्मी के संघर्ष, समर्पण और लंबी सेवा यात्रा के सम्मान का प्रतीक बन गया। बहरहाल, जशपुर पुलिस की यह स्टार सेरेमनी उन जवानों के लिए भी प्रेरणा है जो वर्षों की मेहनत के बाद वर्दी पर लगने वाले हर सितारे का सपना देखते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

