कोरिया 26 मई ( आरएनएस) घर के बाहर खड़ी मोटरसायकल चंद घंटों में गायब हुई और इलाके में सनसनी फैल गई, लेकिन कोरिया पुलिस ने ऐसा जाल बिछाया कि बाइक चुराने वाले दोनों आरोपी ज्यादा देर तक बच नहीं सके। थाना पटना क्षेत्र के ग्राम तेंगनी निवासी विनोद सिंह पिता श्रीराम प्रसाद सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनकी मोटरसायकल पार कर ले गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पटना पुलिस ने अपराध क्रमांक 145/2026 के तहत धारा 331, 303(2), 54 भारतीय न्याय संहिता 2023 में मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने संदेहियों की तलाश तेज की, लगातार पतासाजी की गई, मुखबिरों को सक्रिय किया गया और तकनीकी तरीके से संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने मुकेश साहू पिता सुरेश साहू निवासी गिरजापुर और अक्षय कुमार पिता रामा निवासी ग्राम गुंगरा थाना सूरजपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई मोटरसायकल भी बरामद कर ली। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय बैकुण्ठपुर में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई में प्रमोद पांडे, बालकृष्ण राजवाड़े, संदीप साय और सुरेन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही। बहरहाल, कोरिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि जिले में चोरी करने वालों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं रहेगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

