राजनांदगांव 26 मई (आरएनएस) ब्लड कैंसर, माईग्रेन और पारिवारिक प्रताड़ना की दर्दभरी कहानी सुनाकर सोशल मीडिया पर भरोसा जीतने वाले तीन शातिर ठग आखिरकार बसंतपुर पुलिस के शिकंजे में आ गए। इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती धीरे-धीरे ऐसा भावनात्मक जाल बन गई जिसमें फंसकर एक युवक ने अलग-अलग किश्तों में पूरे 3 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। मामला राजनांदगांव जिले के थाना बसंतपुर क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई कि अप्रैल 2024 में उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए मोनू कुमार चिरावतकर, कविता उर्फ दामिनी और सोनल उर्फ बबीता से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपीगण खुद को ब्लड कैंसर, माईग्रेन और गंभीर बीमारियों से पीड़ित बताते रहे। कभी इलाज के नाम पर, कभी राशन और कभी परिवार की मजबूरी बताकर पैसे मांगे जाते रहे। भावनात्मक रूप से टूट चुके प्रार्थी ने भरोसे में आकर 3 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए, लेकिन जब रकम वापस मांगी गई तो उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी मिलने लगी। शिकायत मिलते ही थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 244/2026 धारा 318(4), 308, 351(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में निरीक्षक एमन साहू की टीम ने दबिश देकर आरोपी मोनू कुमार चिरावतकर उम्र 35 वर्ष, कविता उर्फ दामिनी उम्र 19 वर्ष और सोनल उर्फ बबीता उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम टेडेसरा थाना सोमनी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 3 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पूछताछ में तीनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। बहरहाल, सोशल मीडिया पर सहानुभूति का चेहरा दिखाने वाले हर प्रोफाइल पर भरोसा करना अब भारी पड़ सकता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

