राजनांदगांव 26 मई (आरएनएस) नगर पंचायत कार्यालय में सरकारी कामकाज के बीच अचानक गाली-गलौज, धमकी और मारपीट से ऐसा बवाल मचा कि कर्मचारियों में अफरा-तफरी फैल गई, लेकिन डोंगरगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। मामला राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव नगर पंचायत कार्यालय का है, जहां उप अभियंता कृपाराम बर्मन पिता कुंवर सिंह बर्मन उम्र 56 वर्ष निवासी डोंगरगांव अपने कार्यालय कक्ष में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान वार्ड नंबर 13 मटिया निवासी हरिशंकर साहू पिता हीराराम साहू उम्र 34 वर्ष कार्यालय पहुंचा और बिल भुगतान की बात को लेकर अचानक भड़क उठा। आरोपी ने कार्यालय के भीतर अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से हमला कर उप अभियंता को घायल कर दिया। घटना के बाद थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज कर धारा 296, 115(2), 351(2), 121(1) बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक मंजूलता बाज के निर्देश पर प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने तत्काल आरोपी की पतासाजी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद विधिवत गिरफ्तारी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर और प्रधान आरक्षक सुरेश राजपूत की अहम भूमिका रही। बहरहाल, सरकारी दफ्तर में कानून हाथ में लेने वालों को डोंगरगांव पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है कि हंगामा और दबंगई अब सीधे जेल तक पहुंचाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

