राजनांदगांव 26 मई (आरएनएस) महिला और उसके बच्चे को लेकर चल रहे विवाद ने ऐसा तनाव पैदा किया कि इलाके में कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका गहरा गई, लेकिन सुरगी पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर माहौल बिगाड़ने वाले दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। राजनांदगांव जिले की पुलिस चौकी सुरगी क्षेत्र में एक महिला और उसके बच्चे को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस दस्तयाबी की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान आरोपी पक्ष द्वारा महिला और उसके परिजनों के साथ जमकर वाद-विवाद किया गया। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि क्षेत्र में शांति भंग होने और किसी भी समय संज्ञेय अपराध होने की संभावना बन गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया और असामाजिक गतिविधियों में शामिल सूरज कुमार सोरी पिता स्वर्गीय चमरा राम सोरी उम्र 30 वर्ष तथा प्रकाश सोरी पिता स्वर्गीय चमरा राम सोरी उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम कोटेरा थाना डौंडीलोहारा जिला बालोद को हिरासत में लिया। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तारी की गई तथा धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगाशा तैयार कर माननीय कार्यपालिक मजिस्ट्रेट राजनांदगांव के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों आरोपियों को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया। पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि जिले में कानून और शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को अब बख्शा नहीं जाएगा। बहरहाल, सुरगी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने संभावित बड़े विवाद को समय रहते थाम लिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

