० सुशासन तिहार अंतर्गत प्राप्त आवेदनों के प्रभावी निराकरण के दिए निर्देश
कोण्डागांव, 26 मई (आरएनएस)। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को ग्राम सोड़मा में जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होने से पूर्व समय-सीमा की बैठक लेकर केन्द्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सुशासन तिहार एवं बस्तर मुन्ने शिविरों में प्राप्त आवेदनों का गंभीरता एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश सभी विभागीय अधिकारियों को दिए। साथ ही सभी पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभागों में कार्यालयीन फाइलों एवं पत्राचार का संचालन ऑनलाइन माध्यम से किया जाए, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित हो सके।
बैठक में कृषि विभाग से खाद की उपलब्धता एवं वितरण की जानकारी लेते हुए उन्होंने एग्रीस्टैक पंजीयन में तेजी लाने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से सभी पात्र किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान आयुष्मान कार्ड निर्माण, संस्थागत प्रसव, सिकलसेल स्क्रीनिंग, टीकाकरण एवं टीबी जांच की प्रगति की जानकारी ली गई। उन्होंने आइसोलेशन वार्ड निर्माण कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूर्ण करने हेतु निर्माण एजेंसी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके अलावा बैठक में राजस्व प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण, धान उठाव, लखपति दीदी योजना, जल जीवन मिशन एवं अन्य विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अश्वन पुसाम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

