रायपुर, 27 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण (सीजी रेरा) ने साइबर ठगी को लेकर प्रदेशभर के नागरिकों, आवंटियों और प्रमोटरों के लिए अहम चेतावनी जारी की है। प्राधिकरण के संज्ञान में आया है कि कुछ अज्ञात लोग खुद को रेरा अधिकारी या कर्मचारी बताकर लोगों से पैसों की मांग कर रहे हैं।
सीजी रेरा ने स्पष्ट किया है कि प्राधिकरण कभी भी किसी व्यक्ति के निजी बैंक खाते, मोबाइल नंबर, यूपीआई या अन्य निजी माध्यमों से राशि जमा कराने के निर्देश नहीं देता। रेरा से जुड़े सभी प्रकार के भुगतान केवल सरकार द्वारा अधिकृत और निर्धारित आधिकारिक माध्यमों से ही किए जाते हैं।
प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास रेरा अधिकारी बनकर कोई संदिग्ध कॉल, मैसेज या पैसे मांगने का मामला सामने आता है, तो वे तुरंत सतर्क हो जाएं। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक डिटेल्स, ओटीपी या निजी जानकारी साझा न करें।
सीजी रेरा ने यह भी कहा है कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह की साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है, तो इसकी शिकायत तत्काल साइबर सेल या नजदीकी पुलिस थाने में दर्ज कराएं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की साइबर सेल टीम भी सक्रिय हो गई है और रेरा के नाम पर फर्जी कॉल करने वाले गिरोह की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, प्राधिकरण जल्द ही अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर भी सुरक्षा अलर्ट जारी करेगा, ताकि आम लोग ठगी से बच सकें।
इस एडवाइजरी के बाद रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़े लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

