राजनांदगांव, 27 मई (आरएनएस)। आगामी पंचायत चुनाव, त्योहारों और संभावित संवेदनशील परिस्थितियों को लेकर राजनांदगांव पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। जिले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बुधवार को सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेकर कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, एसडीओपी डोंगरगढ़, एसडीओपी डोंगरगांव, डीएसपी हेडक्वार्टर, डीएसपी ऑपरेशंस सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान एसपी ने पूर्व में हुई संवेदनशील घटनाओं को केस स्टडी के रूप में रखते हुए अधिकारियों को त्वरित निर्णय और प्रभावी पुलिस रिस्पांस देने के निर्देश दिए।
एसपी अंकिता शर्मा ने पंचायत चुनाव और त्योहारों के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और सोशल मीडिया गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा। उन्होंने लॉ एंड ऑर्डर क्विक रिस्पांस टीम की समीक्षा करते हुए बताया कि यह टीम पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय में हर समय रेडी मोड में रहती है और किसी भी घटना की सूचना मिलने पर 10 से 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करती है।
बैठक में थाना प्रभारियों को लगातार पेट्रोलिंग बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सामाजिक एवं धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए शांति समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने और जनप्रतिनिधियों व धर्मगुरुओं से लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया।
सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक पोस्ट को लेकर भी एसपी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने साइबर मॉनिटरिंग मजबूत करने और आपत्तिजनक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा रात्रि गश्त, गुंडा-बदमाशों की चेकिंग और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

