मुंगेली, 27 मई (आरएनएस)। मुंगेली थाने में घुसकर दहाडऩा, हंगामा करना और लोगों को डराना एक युवक को इतना भारी पड़ गया कि मुंगेली पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए उसे गिरफ्तार कर सीधे कोर्ट पहुंचा दिया। मुंगेली जिले के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में लोक शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्व पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर जिलेभर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान 25 मई 2026 को एक प्रार्थी ने थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसके घर के ग्राउंड फ्लोर का ताला तोड़कर वहां शराबखोरी की जा रही है और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पास में रहने वाले अनावेदक लक्ष्मण उर्फ लक्की सिंह से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी लक्ष्मण उर्फ लक्की सिंह पिता गोवर्धन सिंह ठाकुर उम्र 27 वर्ष निवासी सुरीघाट थाना सिटी कोतवाली मुंगेली अचानक भड़क उठा और मेरे नाम से शिकायत किसने की कहते हुए थाना परिसर में जोरदार हंगामा करने लगा। उसकी डरावनी हरकतों से थाने में मौजूद नागरिक और अन्य फरियादी घबरा गए। पुलिस ने आरोपी को शांत कराने और समझाइश देने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार उत्तेजित होकर लोक शांति भंग करता रहा। स्थिति बिगड़ती देख थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इश्तगाशा क्रमांक 57/140/2026 धारा 170, 126(2), 135(3) बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर 26 मई को आरोपी को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश किया। बहरहाल, मुंगेली पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था बिगाडऩे और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के खिलाफ अब सीधे सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

