रायगढ़, 27 मई (आरएनएस)। जो अपराधी सालों से कानून की आंखों में धूल झोंककर फरार घूम रहे थे, रायगढ़ पुलिस ने उन्हें एक-एक कर ढूंढ निकाला और पूरे जिले में ऐसा शिकंजा कसा कि वारंटियों और निगरानी बदमाशों में हड़कंप मच गया। रायगढ़ जिले में 20 मई से 25 मई तक चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 230 फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में 76 स्थायी वारंटी और 154 गिरफ्तारी वारंट की तामिली की गई। ये आरोपी लंबे समय से कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। जिलेभर के थाना प्रभारियों को विशेष लक्ष्य देकर फरार आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे। अभियान में थाना घरघोड़ा ने सबसे ज्यादा 17 स्थायी वारंट तामील कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि चक्रधरनगर ने 9 और लैलूंगा ने 7 स्थायी वारंट तामील किए। गिरफ्तारी वारंट तामिली में धरमजयगढ़ पुलिस ने 28 वारंट तामील कर पहला स्थान हासिल किया, वहीं चक्रधरनगर ने 27 और छाल पुलिस ने 22 गिरफ्तारी वारंट की तामिली की। कार्रवाई के दौरान थाना घरघोड़ा पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चिंता उर्फ चिंतामणि राठिया निवासी बरभौना थाना छाल और निगरानी बदमाश मोहसिन खान उर्फ गुरु पठान को गिरफ्तार कर जेल भेजा। चक्रधरनगर पुलिस ने मारपीट मामले के 6 फरार आरोपियों को पकड़ा, जबकि भूपदेवपुर पुलिस ने दुष्कर्म प्रकरण के फरार आरोपी और लैलूंगा पुलिस ने चोरी के मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि रायगढ़ में अब फरार अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है और अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

