रायपुर, 27 मई (आरएनएस)। सड़क पर तड़पते घायलों को देखकर जहां लोग गुजर जाते हैं, वहीं रायपुर के 5 युवकों ने अपनी इंसानियत दिखाकर कई जिंदगियां बचा लीं, अब इन्हें पुलिस कमिश्नर ने पूरे शहर के सामने सम्मानित कर मिसाल बना दिया है। रायपुर शहर में सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की मदद कर उनकी जान बचाने वाले 5 गुड सेमेरिटन यानी नेक व्यक्तियों को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। रायपुर यातायात पुलिस द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में उन युवाओं को सामने लाया गया जिन्होंने दुर्घटना के दौरान गोल्डन आवर में बिना किसी डर और कानूनी झंझट की परवाह किए घायलों को अस्पताल पहुंचाकर नई जिंदगी देने में अहम भूमिका निभाई। सम्मानित होने वालों में शंकर नगर निवासी गगनदीप सिंह अरोरा शामिल हैं, जिन्होंने विधानसभा रोड वीआईपी टर्निंग पर गिरी स्कूटी सवार महिला को संभाला और परिजनों तक पहुंचाया। कबीर नगर निवासी राजेश कुमार चौधरी ने सड़क हादसे में घायल बाइक चालक को डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
आजाद चौक निवासी हेमचंद यादव ने ओला शोरूम के पास घायल बाइक सवारों की जान बचाने में मदद की। देवेंद्र नगर निवासी करणदीप सिंह ने राजभवन के पास डिवाइडर से टकराए ऑटो सवार घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जबकि टिकरापारा निवासी गोपेन्द्र धनगर ने नूतन स्कूल के पास घायल कार सवारों को समय रहते उपचार दिलवाया। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद पहला एक घंटा सबसे महत्वपूर्ण होता है और समय पर मदद मिलने से 90 प्रतिशत मामलों में जान बचाई जा सकती है। इसी संदेश को फैलाने के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, रेलवे स्टेशन, मरीन ड्राइव और बस स्टैंड में इन नेक व्यक्तियों के होर्डिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं। बहरहाल, रायपुर में ये 5 चेहरे अब सिर्फ सम्मानित नागरिक नहीं, बल्कि इंसानियत और साहस की नई पहचान बन चुके हैं।
0

