गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही,27 मई (आरएनएस)। वनमंडल मरवाही में हुए बहुचर्चित गोबर खाद घोटाले और कैंपा कार्यों में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। सहायक ग्रेड-2 भूपेंद्र साहू के निलंबन के बाद अब मरवाही के तत्कालीन रेंजर एवं वनक्षेत्रपाल रमेश कुमार खैरवार को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभागीय जांच में गोबर खाद खरीदी के नाम पर फर्जी भुगतान, संदिग्ध दस्तावेज और वित्तीय गड़बडिय़ों में रमेश खैरवार की गंभीर लापरवाही और संलिप्तता प्रथम दृष्टया सही पाई गई है।
जानकारी के मुताबिक रमेश खैरवार 14 अगस्त 2023 से 28 दिसंबर 2025 तक मरवाही परिक्षेत्र में पदस्थ रहे। इस दौरान सरकारी राशि के दुरुपयोग और अनियमितताओं की कई शिकायतें सामने आई थीं। इससे पहले कैंपा शाखा प्रभारी भूपेंद्र साहू को 14.77 लाख रुपए के अवैध लेखा समायोजन और फर्जी एलओसी तैयार करने के आरोप में सस्पेंड किया जा चुका है।
यह मामला विधानसभा तक गूंज चुका है और लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार फर्जी दस्तावेजों के जरिए हुए इस घोटाले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में विभाग के अन्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

