बागेश्वर,27 मई(आरएनएस)। अटल उत्कृष्ट पदम सिंह परिहार राजकीय इंटर कॉलेज वज्यूला में भारतीय भाषाओं पर आधारित सात दिवसीय समर कैंप का शुभारंभ हो गया है। यह कैंप 27 मई से 2 जून तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को भारतीय भाषाओं, मातृभाषा, लोकसंस्कृति और भाषाई समृद्धि से जोडऩा है। कैंप के पहले दिन भौतिक विज्ञान प्रवक्ता आलोक पांडे और कला अध्यापिका राजेश्वरी कार्की के निर्देशन में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को कुमाउनी भाषा के विलुप्तप्राय और क्लिष्ट शब्दों, मुहावरों, लोकोक्तियों तथा लोकगीतों से परिचित कराया गया। अंताक्षरी और शब्द खोज जैसी गतिविधियों के माध्यम से भाषा के व्यवहारिक और सांस्कृतिक पक्ष की जानकारी दी गई।इस दौरान विद्यार्थियों को उत्तराखंड के पारंपरिक वाद्य यंत्र ढोल, दमाऊ और रणसिंघा के सांस्कृतिक महत्व के बारे में भी बताया गया। प्रधानाचार्य दीपक आर्य ने कहा कि कैंप सात दिनों तक संचालित होगा। नोडल अधिकारी हेमंत कांडपाल ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण हिंदी और कुमाउनी के कई शब्द विलुप्त होते जा रहे हैं, जिन्हें बचाने की जरूरत है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

