हरिद्वार,27 मई(आरएनएस)। क्षेत्र के गांव पदार्था स्थित एक नामी कंपनी में शिफ्ट इंचार्ज पर कुछ लोगों की ओर से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ज्वालापुर निवासी वासू ने शिकायत में बताया कि वह पदार्था स्थित एक नामी कंपनी में शिफ्ट इंचार्ज के पद पर कार्यरत है। मंगलवार को रोजाना की तरह कंपनी जा रहे थे। आरोप है कि कंपनी से करीब 500 मीटर पहले दो बाइकों पर सवार पांच लोगों ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने हेलमेट से सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कंपनी स्टाफ के लोगों ने भूमानंद अस्पताल पहुंचाया, जहां सिर में करीब 10 से 12 टांके लगाए गए। पीडि़त के अनुसार, कुछ दिन पहले कंपनी के एक कर्मचारी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

