हरिद्वार,27 मई(आरएनएस)। ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को लेकर शिक्षा विभाग और उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के संयुक्त तत्वावधान में जनपद स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के चयनित छात्र-छात्राओं को ‘युवा नवीनीकरण ऊर्जा राजदूतÓ के रूप में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज भेल सेक्टर-1 में किया गया। इससे पहले जनपद के छह विकासखंडों के विद्यालयों में साप्ताहिक स्तर पर क्विज, निबंध, पोस्टर और नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। विकासखंड स्तर पर चयनित प्रतिभागियों ने जनपद स्तरीय कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी बहादराबाद भीकम सिंह ने छात्र-छात्राओं को ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उरेडा के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी युद्धवीर सिंह बिष्ट ने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण मानव जीवन की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुका है। बच्चों की सक्रिय भागीदारी भविष्य में ऊर्जा संरक्षण अभियान को नई दिशा देगी। बहादराबाद, भगवानपुर और खानपुर विकासखंडों के विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं को युवा नवीनीकरण ऊर्जा राजदूत चुना गया। इस अवसर पर उरेडा की जूनियर इंजीनियर शिल्पी, नोडल प्रधानाचार्य परमपाल सिंह और कार्यक्रम नोडल अधिकारी राजेश राय सहित शिक्षा विभाग और उरेडा के अधिकारी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

