भोपाल 27 मई (आरएनएस)। कजलीखेड़ा इलाके में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 13 वर्षीय बालक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान आकाश बालू पिता भूरा बालू (13) निवासी कालापानी कजलीखेड़ा के रूप में हुई है। बताया गया है कि आकाश पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद स्कूल छोड़ चुका था। मंगलवार को वह अपने दोस्तों के साथ घर के पास स्थित ईंट भट्?टे के नजदीक पानी से भरे गड्ढे में नहाने गया था। गड्ढे में करीब छह फीट तक पानी भरा हुआ था।
नहाते समय आकाश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की और शोर मचाकर गांव वालों को बुलाया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
मामले की जांच कर रही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया है कि हादसे के समय आकाश के पिता पास ही ईंट भट्?टे पर मजदूरी कर रहे थे। आकाश का एक छोटा भाई भी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

