भोपाल 27 मई (आरएनएस)। एक युवक का सरेराह तीन नकाबपोशों ने अपहरण कर लिया। बुधवार को अपहरण का वीडियो सामने आया है। जिसमें 3 नकाबपोश युवक एक युवक का सरेआम अपहरण करते दिखाई दे रहे हैं।
वारदात के दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। किसी ने बदमाशों का विरोध करने या युवक को बचाने की कोशिश नहीं की। घटना रविवार दोपहर प्रभात चौराहे पर स्थित एक टी स्टॉल के सामने की है।
दरअसल, आरोपी पीडि़त की लिव इन पार्टनर से बात करते थे। युवक ने उन्हें बात करने से मना किया था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बदला लेने की नीयत से आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
शुरुआत में अपहृत युवक और तीनों आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने एक राहगीर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस के मुताबिक, अशोका गार्डन निवासी जुबैर खान (27) एसी मैकेनिक है। रविवार दोपहर वह प्रभात चौराहे स्थित यादव टी स्टॉल पर चाय पीने गया था। इसी दौरान एक कार तेजी से वहां आकर रुकी।
कार में तीन नकाबपोश युवक सवार थे। कार रुकते ही तीनों बदमाश बाहर निकले और वहां खड़े जुबैर खान के साथ गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद वे करण नाम के एक शख्स को जबरन पकड़ कर कार में अपने साथ ले गए।

