मनोज बाजपेयी ने पिछले महीने आगामी फिल्म गवर्नर: द साइलेंट सेवियर का ऐलान किया था। इसका निर्माण विपुल अमृतलाल शाह ने किया है, जबकि निर्देशन की कमान चिन्मय मंडलेकर ने संभाली है। निर्माताओं ने फिल्म का टीजर जारी किया है, जिसने आते ही यूट्यूब पर लोगों का ध्यान आकर्षित कर लिया। यह फिल्म एक ऐसे गुमनाम नायक को दर्शकों के सामने पेश करने का वादा करती है, जिसने राष्ट्र को आर्थिक संकट में गिरने से बचाया था।
टीजर की शुरुआत मनोज से होती है जो भारतीय रिजर्व बैंक के गर्वनर का गंभीर किरदार निभा रहे हैं। उनकी भूमिका देश के पूर्व गवर्नर एस वेंकिटरमणन से प्रेरित बताई जा रही है। अदा शर्मा भी इसका हिस्सा हैं। फिल्म की कहानी 1990 के भारतीय आर्थिक संकट पर आधारित है, जब भारत का विदेशी मुद्रा भंडार लगभग खत्म हो गया था और देश दिवालिया होने की कगार पर था। फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म की कहानी 1990 के दशक की उन परिस्थितियों पर केंद्रित है, जब भारत अपने सबसे गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहा था। टीजर में उस समय के तनावपूर्ण माहौल और पर्दे के पीछे चलने वाली रणनीतियों की झलक मिलती है। यह वह दौर था जब देश का विदेशी मुद्रा भंडार न्यूनतम स्तर पर था और अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए कड़े फैसलों की जरूरत थी। फिल्म में मनोज बाजपेयी एक आरबीआई गवर्नर की भूमिका में नजर आएंगे। उनका यह किरदार एक ऐसे मूक रक्षक का है, जो बिना शोर मचाए पर्दे के पीछे से देश की डूबती अर्थव्यवस्था को संभालने की जद्दोजहद करता है। टीजर में आप सुन सकते हैं कि कुछ किरदार इस गवर्नर के बारे में बाते करते हैं और बताते हैं कि ये गांधी की सिफारिश पर आ रहा है। अदा शर्मा कहती नजर आ रही है कि जिसने इकोनॉमिक्स पढ़ी नहीं है, वो अब इकोनॉमी संभालेगा।
टीजर को साझा करते हुए मेकर्स ने इंस्टाग्राम कैप्शन में लिखा, एक देश जो कंगाल होने की कागार पर है। एक ऐसी जंग, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी और एक ऐसा शख्स, जिसने इसे गिरने नहीं दिया। द साइलेंट सेनियर गवर्नर, टीजर अब रिलीज हो गया है। 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में। इस टीजर को देखने के बाद फैंस के रिएक्शन सामने आने लगे हैं। एक शख्स ने लिखा, कहानी दमदार लग रही है। एक और शख्स ने लिखा, ये फिल्म देखने लायक होगी, मनोज भाई के लिए इसे देखूंगा
इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात इसकी टीम है। फिल्म का निर्देशन मराठी फिल्म जगत के अनुभवी कलाकार और निर्देशक चिन्मय मांडलेकर ने किया है। चिन्मय अपनी सधी हुई अदाकारी के लिए जाने जाते हैं और बतौर निर्देशक उनके कंधों पर एक जटिल विषय को सरल ढंग से पेश करने की जिम्मेदारी है। पटकथा लेखन में सुवेंदु भट्टाचार्जी और सौरभ भारत जैसे लेखकों के साथ खुद निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने भी योगदान दिया है। फिल्म के संवादों को काफी प्रभावशाली रखा गया है, जो टीजर में भी स्पष्ट रूप से सुनाई देते हैं।
फिल्म का तकनीकी पक्ष भी काफी मजबूत नजर आ रहा है। दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर ने इसके गीतों को शब्दों में पिरोया है, जबकि अमित त्रिवेदी ने इसे अपने संगीत से सजाया है। विपुल अमृतलाल शाह और सनशाइन पिक्चर्स की यह पेशकश केवल एक मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि भारत के आर्थिक इतिहास के एक महत्वपूर्ण पन्ने को पलटने का प्रयास लगती है। गवर्नर: द साइलेंट सेवियर अगले साल 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है। मनोज बाजपेयी के चाहने वालों के लिए यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें वे एक ऐसे प्रशासनिक और बौद्धिक अवतार में दिखेंगे, जो उनके पिछले किरदारों से बिल्कुल अलग है। अदा शर्मा भी लंबे वक्त बाद किसी प्रोजेक्ट में नजर आने वाली हैं और उनका रोल भी फिल्म में अहम है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

